रविवार, 15 नवंबर 2026

डायरी का आखिरी पन्ना

 यह कहानी  स्वर्गीया  सुश्री रश्मि रविजा  के  साहित्य अकादमी  से पुरस्कृत उपन्यास "काँच के शामियाने ' की उत्तरगाथा के रूप में लिखी गई है । 

काँच के शामियाने एक प्रसिद्ध लेखिका के जीवन की सच्ची तस्वीर है । उपन्यास में पति के अमानुषिक व्यवहार का ऐसा अतिरेक मुझे अविश्वसनीय ही लगता यदि मेरी स्वयं उपन्यास की वास्तविक नायिका  (लेखिका) से बात न हुई होती । मुझे सच जानना था कि क्या कोई प्रबुद्ध सुशिक्षित स्त्री यथार्थ में  इतना अतिचार सह सकती है ? लेखिका ने जो कुछ मुझे बताया वह वास्तव में उपन्यास की कहानी से भी अधिक पीड़ाभरा  था लेकिन उससे अधिक आश्चर्य मुझे बाद की कहानी पर हुआ जो  लेखिका ने मुझे बताई । वह हिस्सा उपन्यास में नहीं है । मेरी कहानी उपन्यास के बाद शुरु होती है ।  उसे आधारभूत बनाने के लिये मैंने उपन्यास के कथानक को पूर्णतः मौलिक रूप से  ,अलग अपने शब्दों में लिखा है । लेकिन मूल कहानी  (डायरी का आखिरी पन्ना) उसके बाद की है । यह कहानी वागर्थ के अक्टूबर अंक 2026 में प्रकाशित भी हो चुकी है ।
------------------------------------------------------------------------------------
इला हैरान थी ।
माँ को उसने इस तरह कभी चिन्तन में डूबे , वह भी सुबह सुबह ,  कभी नहीं देखा था । ‘माँ के पास इस तरह बैठकर सोचने का अवकाश ही कहाँ है । सुबह जब जब भी उसकी आँखें खुली हैं ,माँ को कुछ न कुछ करते ही पाया है । घर के कामों के लिये उन्हेंने कभी कोई सहायिका नहीं रखी है । रखने की ज़रूरत नहीं समझी या रखने लायक स्थिति नहीं रही  , दोनों ही बातें हैं । पहले, जब पैसा पैसा बचाकर बच्चों के लिये दीपावली पर एक एक जोड़ कपड़ा खरीदा जाता था , माँ तब भी आत्मनिर्भर थीं , छोटे मोटे काम बच्चों में बाँट दिया करती थीं और अब भी जब किंशुक भैया बड़े अधिकारी बन गए हैं और माँ खुद अब एक स्थापित लेखिका हैं ,अनेक पुस्तकें प्रकाशित व पुरस्कृत हो चुकी हैं । कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित हो चुकी हैं लेकिन घर के सारे काम और जिम्मेदारियाँ खुद ही उठाती हैं ।  कहती हैं कि जब तक हाथ पाँव चलते हैं अपना काम जहाँ तक हो सके ,खुद ही करना चाहिये । ऐसा ही हम बच्चे भी सीखें ,इसके लिये उन्होंने छुटपन से ही सबको कमला भसीन की एक कविता रटादी थी –

”तुम गन्दा करते हो ?
हाँ जी हाँ , हाँ जी हाँ
तो सफाई भी करते हो ?
ना जी ना , ना जी नाँ
गन्दे की हाँ और सफाई की ना !
ऐसे कैसे चले जहाँ ?”
इला जानती है कि माँ के सिद्धान्त समयानुसार बदलने वाले नही हैं , फिर मुश्किलों में भी सहज और अडिग रहने वाली माँ हाथ में कागज का एक टुकड़ा , शायद पोस्टकार्ड है , लिये आज किस सोच में बैठी हैं ?
“
माँ किसका पत्र है ?”
इला की बात के उत्तर में जया ने उसकी तरफ पोस्टकार्ड बढ़ा दिया । प्रेषक का नाम पढ़ते ही इला ने एक गहरी नज़र से माँ को देखा और पहले पूरा पत्र होठों में ही गुन गुन करते हुए पढ़ा फिर अन्तिम वाक्य जोर से पढ़ा--- “बहुत परेशान हूँ ।...मेरी हालत ठीक नहीं है ,एक बार आकर देख लो तो तसल्ली से मर सकूँगा ।”
“
अच्छा !” --इला ने वह कार्ड एक तरफ रखते हुए उपहास के साथ कहा ---"अब जब सारी कमाई भाई बन्धुओं में लुटा बैठे हैं , कोई पानी की पूछने वाला नहीं है , तब आपको को माँ याद आगई ! अरे हाँ ,चिट्ठी गाँव से लिखी गई है यानी पटना में नहीं महाशय गाँव में अकेले डाल दिये गए हैं । भाई-बान्धवों का परिवार पटना में मौज कर रहा है । अरे हाँ मम्मी ,पटना का मकान तो डिप्टी कलेक्टर साहब ने ही बनवाया था न ?  तो साहब अब मौज करो गाँव के छोटे से घर में अकेले । बहुत बढ़िया । मम्मी ! क्या यही नहीं होना चाहिये था उनके साथ ?”—इला व्यंग्य मिश्रित हँसी । वह पिता को पिता का सम्बोधन नहीं देती । इस नाम से ही उसे गहरी अरुचि है ।पर इला ने देखा माँ की आँखों में कोई प्रतिक्रिया नहीं है तो उसने मानो खुद को ही सम्बल दिया--
“पर इससे हमें क्या लेना देना मम्मी ? ‘ राजा छोड़ी रजधानी कोई लूटे कोई खाय ‘। सब जानते हैं कि जो अपने पत्नी- बच्चों का नहीं हुआ औरों का क्या होगा । जैसा किया है , वैसा मिल रहा है ।..आप ज्यादा न सोचें । चलें नाश्ता कर लेते हैं । मुझे आज जल्दी कॉलेज जाना है । जल्दी आ भी जाऊँगी । फिर मार्केट चलेंगे ..”—इला ने एक साँस में कहा ।
“तू नाश्ता करले इला । मैं नहाई भी नहीं हूँ अभी । और हाँ इस पत्र के बारे में अभी दीदी भैया को कुछ मत बताना । उन्हें व्यर्थ तनाव होगा । मैं खुद बात कर लूँगी ।”

माँ को इस तरह भावहीन देख इला ने चुप रहना ही ठीक समझा । वह नाश्ता करके कॉलेज चली गई लेकिन जया का मन नहाने का भी नहीं हुआ । धूप आँगन तक उतरकर वापस भी चली गई । जया ने एक बार फिर पत्र को पढ़ा , मन खीज वितृष्णा और आक्रोश से भर गया । फिर वही झूठी सस्ती भावुकता का दबाब ! ‘आकर देखलो ‘..।
“किस हक़ से लिखी है उसने यह बात..और क्या सोचकर ? ”

उसने ,यानी राजीव ने । पन्द्रह साल पहले रिटायर होचुके डिप्टी कलेक्टर राजीव वर्मा ने ,जिसके साथ कभी जया का गठबन्धन हुआ , तीन बच्चों का जन्म हुआ ,उम्मीदों की डोर थामे ग्यारह साल बिताए लेकिन अन्ततः उसे वह घर छोड़ना ही पड़ा । स्त्री के लिये घर की देहलीज लाँघना क्या सहज और आसान होता है ? जया के लिये भी इस तरह अलग होना आसान तो नहीं था ? अलग होने का निर्णय भी उसने लिया नहीं ,लेने विवश होना पड़ा था , मरता क्या न करता ’ वाली स्थिति में । लेकिन अब उससे हर तरह का सम्बन्ध खत्म कर चुकी है जया । वैधानिक रूप से न सही , तन और मन से वह कई साल पहले ही अलग होचुकी है । मन का अलगाव ही वास्तविक अलगाव होता है । अब वह उस डायरी को नहीं पढ़ना चाहती जिसे विस्मृति के सन्दूक में वह कब की डाल चुकी है । उसने किनारा पा लिया है । फिर से नहीं डूबना उस भयावह गहराई में ।

वह महसूस कर रही थी कि राजीव खुद पार पाने के लिये उसे गहरे में खींचे ले जा रहा हो । क्या उस पौधे की जड़ें जमीन में कहीं शेष रह गई हैं जिसे वह समूल नष्ट हुआ मान रही थी । कोई बन्द दरवाजे पर दस्तक दे रहा था ? हर पृष्ठ काँटों कंकड़ों से उलझते जूझते ,लहूलुहान होते प्रसंगों से भरा हुआ । अब ,जब वह इतनी दूर आकर उसने चैन की साँस ली है , वह पुकार रहा है । क्यों ? हमेशा मौत का फ़रमान देने वाला खुद जिन्दगी की भीख माँग रहा है । उसी से पनाह माँग रहा है ,जिसको उसने हमेशा तबाही दी है , कैसी विडम्बना है ?”
 “
नहीं , अब मुड़कर नहीं देखना है । हरगिज़ नहीं।"—राजीव का घर छोड़ते हुए यही सोचा था । और अब भी जया दृढ़ता के साथ यही सोच रही थी । जीवन का जटिल अध्याय समाप्त हो चुका है । अब वह क्यों न अपनी विजय का उत्सव मनाए , देखो मि. राजीव वर्मा अन्ततः तुम अकेले रह गए हो । वे भाई और परिजन भी साथ नहीं जो तुम्हारे पैसे पर पले ,बढ़े और फूले-फले । कहावत सही है कि 'पापी का माल अकारथ जाय।' अन्त में याद भी वह आई जिसे तुमने सिर्फ पीड़ा दी । बच्चों तक को हर सुख-सुविधा से वंचित रखा । जिस पद प्रतिष्ठा और सम्पत्ति के अहंकार में , पौरुष के मद में तुमने पत्नी के साथ जानवरों जैसा बर्ताव किया , अब उसके पास तुम्हारे लिये कुछ नहीं है ।

-“क्या सचमुच अब कुछ नहीं है तुम्हारे पास?” अपने ही अन्दर उठे इस सवाल पर जया चौंक उठी ।

“नहीं , राजीव वर्मा घर से बेघर होकर ,जीवन के सुनहरे दिन खाक छानते हुए बीते हैं सिर्फ तुम्हारे कारण । पत्थरों में घिस कर सपाट हो चुका है मन । आज जो कुछ अर्जित किया है वह सिर्फ मेरी अपनी मेहनत है । तुमने जो किया है वह तुम्हारे सामने है । मेरे पास अब कुछ नहीं है तुम्हारे लिये ।”

यह कहकर जया ने गहरी साँस लेकर अपनी धारणा को स्थिर किया । उसी की पुष्टि के लिये ही उसने विगत छब्बीस वर्ष की डायरी निकाल ली । हवा के झोंके ने दरवाजा खोल दिया। डायरी के पन्ने उसके सामने स्वतः ही खुल गए ।

उन दिनों वह कोमल कली सी किशोरी मिन्नी से वसन्त की फूलों लदी टहनी सी युवती जया बन चुकी थी । विविध रंगी मासूम कल्पनाएं सजाए , परियों की सी निर्भय उड़ानें । सामने अनन्त आकाश । सबकी लाड़ली वह जीवन की अपरूपता से अनजान , झरने सी निर्मल ।  पल्लव सी कोमल..। आसमान छूने की ललक लिये जैसे कोई पाखी , बालू में सीपियाँ खोजती, भविष्य के सतरंगे स्वप्न बुनती अपनी दुनिया आप रचती नवयौवना । कॉलेज में तीसरा साल था ।

फिर जीवन में अचानक एक नितान्त अपरिचित की दस्तक । एकदम अप्रत्याशित । सब्जी, दूध राशन की दुकान या कॉलेज का रास्ता ,वह हर जगह मौजूद होता है । घर में सामान लाने वाली अकेली जया । बाजार जाना ही होता । वह उसे देखे बिना निकल जाती पर पीठ पर उसकी पीछा करती नजरों को बराबर महसूस करती । एक बात एक युवावय में कदम रखती लड़की को यह पुलकित रोमांचित कर सकती थी लेकिन उनदिनों इतना खुलापन नहीं था । एक लज्जा और मर्यादा उसे रोकती थी । पर वह पक्का ढीठ , एक दिन वह रास्ता रोककर खड़ा होगया ।

“ इस तरह मुझे अनदेखा क्यों कर रही हैं ? आपसे बात करना चाहता हूँ ।”

वह अचकचा उठी- “देखिये न मैं आपको जानती हूँ न ही बात करना चाहती हूँ ।”

“ बातें होंगी तभी तो जानेंगी । यकीन मानिये मैं हर पल सिर्फ आपके बारे में सोचता रहता हूँ ।” इकहरे लम्बे कद के उस आकर्षक युवक की आँखों में शरारत भरी मुस्कान के साथ एक अनकहा सा काइंयापन भी था ।

“आप तमाशा खड़ा करना चाहते हैं । आपको शोभा नहीं देता इस तरह किसी लड़की का रास्ता रोकना । बेहतर हो कि आप आइन्दा कोई हरकत न करें .” जया ने कहा । अब वह साहस नहीं करेगा –उसने सोचा । पर कहाँ !  बात खत्म नहीं होनी थी, सो नहीं हुई ।

फिर किस तरह उसकी माँ ने आकर उसका हाथ माँगा , जया को खूब याद है । नितान्त अपरिचित होने पर भी वह बड़ी बेबाकी से आई और दो चार उधर उधर की बातें करके सीधी अपनी बात कह डाली --" बहिन जी मेरा बेटा सरकारी नौकर है । भगवान ने चाहा तो जल्दी ही बड़ा अधिकारी भी बनने वाला है । उसके लिये रिश्ते तो बहुत आ रहे हैं पर राजीव आपकी बेटी से ही शादी करना चाहता है । हम तो उसकी खुशी में खुश हैं । दहेज के नाम हमें कुछ नहीं चाहिये । एक साड़ी में विदा कर दोगे तब भी हमें मंजूर है।”
“माँ मैं अभी विवाह नहीं करना चाहती । पढ़ना चाहती हूँ और पढ़कर नौकरी भी करना चाहती हूँ ।” जया को यह जल्दबाजी बड़ी अजीब लगी । विवाह के लिये तैयार नहीं थी पर माँ जल्दी मुक्त होना चाहती थी । बोली--“अरे बिटिया ब्याह तो एक दिन करना ही है । एक अच्छा भला रिश्ता खुद चलकर आया है । ‘घर आए नाग न पूजिये , अरु बाँबिन पूजन जाएं !’ फिर आज तेरे पिता होते तो ..।”

वह माँ की मजबूरी समझ रही थी । रिश्ता पक्का होगया । साथ ही विवाह की तारीख भी । बिना किसी सन्दर्भ प्रसंग या बिना किसी भूमिका के अचानक ही खुल गया एक अध्याय जिसमें नई दुनिया थी ,रुपहले सपने थे , लगाव की इन्द्रधनुषी डोर थी । हर शंका सन्देह से परे वसन्त में अँखुआती टहनी जैसे प्रेम की कई कविताएं स्वतः हृदय के फलक पर लिखी जाने लगीं । प्रेम हदय को उदार बनाता है । नदी की तरह भीषण गर्मी में भी किनारों को हरा भरा रखता है ।

इस बीच राजीव ने लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली तो उधर मौसम का मिजाज भी बदल गया । जया को मालूम तब हुआ जब उसने नव परिणीता के रूप में ससुराल में पहला कदम रखा । हर लड़की की तरह वह तो पलकों में नए नकोर सपने लिये ,पति के लिये अगाध स्नेह और ससुराल के प्रति दायित्त्वबोध को आँचल में बाँधकर  गई थी । लेकिन उसका लाल सुनहरा आँचल ससुराल की देहरी पर ही तारों में उलझ गया । नववधू का स्वागत गीत-बधाइयों की जगह कड़वे तानों से हुआ । पीहर की आलोचनाएं ,तीर से नुकीले अपमानजनक शब्द कानों में पड़े —-“ मेरा राजकुँवर सा बेटा अब डिप्टी कलेक्टर होगया ,कोई निरा लटूरा नहीं । विवाह उसकी शान के अनुरूप होना चाहिये था पर ये तो पूरे कंगले निकले कहीं और रिश्ता करते तो घर भर जाता ।” घूँघट में सिमटी हुई वधू को ऐसे स्वागत की अपेक्षा नहीं थी । माँ ने जितना हो सका बेटी को अपनी हैसियत से ऊपर गहने कपड़े और ज़रूरी सामान दिया पर वह व्यर्थ ही रहा । मुश्किल किसी के अनुसार चलने में नहीं होती , मुश्किल होती है उपेक्षा व अपमान सहते हुए चलने में मन कहीं तिरक सा गया । कहते है न कि “first impression is the last impression.।” लेकिन मध्यमवर्गीय  संस्कारों में पली वह जानती थी कि परम्परागत् ससुराल में ऐसे ताने उलाहने आम बात है । उसे बात को उसने गाँठ में नहीं बाँधा । हर नवपरिणीता की तरह जीवनसाथी से प्रथम मिलन की कल्पना में उसने कड़वाहट को दिल में जगह नहीं दी लेकिन पहली रात को जो हुआ उसकी याद कर जया सिहर उठी ।

पति के साथ पहली रात । दाम्पत्य जीवन में पहला कदम । फूलों से सजा कमरा , मोहक वातावरण ..,यह नववधू का सबसे सुहानी ,हर्ष ,प्रेम ,लज्जा व किंचित भय मिश्रित कल्पना होती है लेकिन जया को ऐसा कुछ नहीं मिला ! बिना किसी पूजा या रस्म के उसे सीधे एक कमरे में पहुँचा दिया गया । जहाँ न कोई साज सज्जा थी न अच्छी रोशनी । कोने में माँ का दिया पलंग पड़ा था । जिस पर सादा सा बिस्तर चादर । राजीव का कहीँ कोई पता नहीं । रात्रि का आधा भाग तमाम शंकाओं कुशंकाओं को परास्त करते , पति की प्रतीक्षा करते बीता । लगभग बारह बजे राजीव ने दस्तक दी तो जया की धड़कनें तेज होगई थी । प्रथम रात्रि को अगर किसी युवती का पति से सचमुच प्रथम मिलन है , तो प्रेम-प्रदर्शन और समर्पण की अपेक्षा मन में लज्जा और आशंका ही होती है । वह चुपचाप सिर झुकाए अदब से एक तरफ खड़ी पति से कुछ स्नेहमय सुनने की आशा में । किन्तु सुनने मिली राजीव की कटूक्ति-- “मैडम जी खड़ी क्यों हैं बैठ जाइये । याद है गरूर में आप हमसे बात करना भी नहीं चाहतीं थीं और अब..? अब सामने वह रास्ते में खड़ा इन्तज़ार करता मामूली क्लर्क राजीव नहीं ,डिप्टीकलेक्टर राजीव वर्मा है ,समझी  ! इसका अब खासतौर पर ध्यान रहे..। और .अब लाजवन्ती बनकर ही खड़ी रहना है ? या पति की सेवा भी करनी है ?”  राजीव का लहजा इतना गरम था कि निगलने की कोशिश में जया के आँसू निकल पड़े । वह कुछ कहती इससे पहले ही राजीव ने झटके से उसकी साड़ी खींच डाली । इससे आगे जो हुआ उसने जया को तोड़कर रख दिया । धरती हिल गई । एक मजबूत इमारत धराशायी होगई । गुबार में आँखें धुँधला गईं । रात ढल रही थीं । साथ ही बिखर गईँ विवाह की मधुर कल्पनाएं । राजीव अपनी कामयाबी पर गर्वित गहरी नींद में खो गया । वह अकेली सिसकती रही । तन से कहीं अधिक  मन घायल होगया । मानो एक नदी सूख गई  ।  नदी का सूखना एक बड़ी विडम्बना है । धरती मरुस्थल होजाती है । प्रेम और विश्वास-विहीन जिन्दगी बोझ लादकर पहाड़ पर चढ़ने या दलदल में चलने जैसी दुरूह व कठिन होजाती है । ऐसे स्नेह विहीन प्रथम मिलन की कल्पना कौन स्त्री करना चाहेगी ? क्या जीवन का यथार्थ इतना कसैला !

जेठानी ने हँसकर कहा, “अरे पागल मर्दों के प्रेम का तरीका यही होता है ।”
“उफ् ! ऐसा बर्बर तरीका ! 

राजीव कुछ पल अपनापन दिखाता । उसके आहत मन को सहलाता और फिर वहीं आक्रामक सिलसिला हर रात चलता था । नींद थकान ,कमजोरी फिर घर का सारा काम ,परिजनों की कोई हमदर्दी नहीं । खिलती कली सी जया एकदम मुरझा गई । उसका मन हुआ कि सारी जंजीरों को तोड़ फेंके । जब मैके गई तो उसने माँ से साफ कह दिया –अब मैं वहाँ नहीं जाऊँगी । तुम्हें मेरे ब्याह की पड़ी थी , होगया ..अब नहीं ..।

“पागल हुई है ! लोग क्या कहेंगे ? ब्याहता बेटी का घर उसकी ससुराल होता है ,मायका नहीं । सात फेरों का बन्धन कोई दुकान से खरीदा सामान तो नहीं कि पसन्द न आए तो लौटादो और फिर ऐसी भी क्या बात होगई है जो..।”

वह माँ को या किसी को भी क्या और कैसे बताती कि क्या हुआ है ,क्यों नहीं जाना चाहती । माँ की बात सुनकर उसे पहली बार लगा कि वह माँ का सम्बल खो चुकी है जो उसे सबसे ज्यादा मजबूत लगता था । राजीव लिवाने भी आगए तो हारकर उसने स्थिति को स्वीकार कर लिया । कुछ दिन बाद जब उसने अपने अन्दर नन्हे कदमों की कोमल आहट सुनी तो मन में उमंग और उम्मीदें महक उठी । राजीव ने सुना तो खुश होने की बजाय कुपित हुआ । वह नहीं चाहता था कि बच्चा आए और उसका एकाधिकार छीनले । माँ बनने के बाद स्त्री के स्नेह का एक बड़ा , बल्कि अधिकांश अपने बच्चे का होजाता है और पति ‘सेवा’ अल्पांश । उसे सेवा चाहिये थी अनवरत , निर्बाध । स्त्री आखिर होती किसलिये है । उसने सीधा गर्भपात का प्रस्ताव रख दिया । इस अप्रत्याशित और असहनीय प्रस्ताव पर वह अड़ गई ।

“ हरगिज नहीं इस बच्चे का बाल बाँका नहीं होने दूँगी ।”
“
बच्चा ,बच्चा..। क्या बच्चा अपने मैके से लाई है ?  वह मेरा है । मैं चाहूँ जो करूँ ।”
“
बच्चा आपका अकेले का नहीं मेरा भी है ।”  पहलीबार उसने बोलने का साहस किया था । इस विरोध की सजा उसे हर रात सहनी पड़ती थी । पुरुष के पास स्त्री के दर्प-दलन का यही एक उपाय है । यही एकमात्र बल है । विडम्बना यह कि पत्नी अगर रोके तो उसका उल्टा मजाक बनता है । लेकिन उम्मीद से भरी स्त्री के लिये कुछ भी सहना मुश्किल नहीं होता । वह अपने बच्चे के बारे में सोचती रहती । नियत समय पर जब उसने सलौने शिशु को अपनी गोद में पाया तो हर मलाल धुल गया । दुनियाभर की दौलत और खुशियाँ उसके अंचल में आ समाई। मातृत्त्व स्त्री को सशक्त भी बनाता है पर एक स्तर पर उदार और समझौतावादी भी । विरोध भाव कहीं दब जाता है । दाम्पत्य को बिखरने से बचाने की , राजीव के बदलने की उम्मीद में वह हर स्थिति को नियति मानकर सहती रही इसके परिणामतः अनचाहे ही दो बेटियाँ और आगई । यह प्रकृति का अजीब खेल है कि पुरुष के आनन्द का प्रसाधन बनते बनते स्त्री को न चाहते हुए भी मातृत्त्व भार ढोना पड़ जाता है । पुरुष तो मुक्त होजाता है ,सन्तान को जन्मना पालना सब माँ के भरोसे छोड़कर । पति की अनुकूलता तो उसे नहीं मिली ,तीन बच्चों की देखभाल पालन-पोषण की जिम्मेदारी का भार और आगया । अब उसे अपनी नहीं तीन बच्चों की परवाह थी । उनको पिता का स्नेह और संरक्षण चाहिये । लेकिन मिल रही थी उपेक्षा ,लापरवाही । ज़रूरत की चीजों के लिये भी बच्चे तरसते रहते । तबीयत खराब होने पर दवाइयों का प्रबन्ध भी बड़ी मुश्किल से किया जाता । जब वह सवाल उठाती तो जबाब में खर्च नहीं कटुता और क्रूरता मिलती । राजीव को अन्धभक्त पत्नी चाहिये थी जो उसके कहे दिन को दिन कहे और रात को रात । जया प्रयास भी करती लेकिन पन्त ,प्रसाद और निराला को पढ़कर बड़ी हुई एक सुशिक्षित स्त्री ,  स्नेहमयी, सेवी और उदार हो सकती है , अनुशरण भी कर सकती है ,किन्तु गूँगी बहरी गुड़िया बनी हरगिज़ नहीं रह सकती । हवा से उठती उत्ताल लहरें उसे प्रसुप्त झील बनने से रोकती हैं । वे लहरें राजीव को विचलित करतीं । वह आक्रामक होजाता । पिता के इस बर्ताव से बच्चों का मनोबल टूट रहा था । दस साल का किंशुक ज़रा तेज आवाज से ही डरने लगा था । ऋचा पिता की हर आहट घबरा जाती थी और इला के अन्दर नकारात्मकता और विद्रोह पनप रहा था । जिन बच्चों के लिये वह अपमान व अत्याचार सह रही है अगर वे ही तबाह हो रहे हैं तो ऐसे साथ का क्या अर्थ है ,ऐसे घर का क्या करे जो कारावास बनकर रह गया हो । अकेली होती तो सह लेती पर बच्चों के साथ ...नहीं अब और नही । जैसे भी होगा बसर कर लेगी ..

 और एक दिन उसने तीनों बच्चों के साथ राजीव का घर छोड़ ही दिया । 

घर की देहलीज लाँघना न तो स्त्री के लिये सहज और आसान होता है न ही परिवार व समाज इसे सहज स्वीकार करता है । फिर बिना किसी सुनिश्चित आर्थिक आधार के तीन बच्चों को लेकर उसका घर छोड़ना कोई सामान्य घटना नहीं थी । कितने मोर्चे खुल गए थे उसके सामने ।  सबसे पहले तो उसे अपनी माँ की ही तमाम सीखें सुननी पड़ीं -- “जया ऐसा कदम उठाने से पहले कुछ तो सोचती । कोई नौकरी नहीं उस पर तीन बच्चे , उनके बारे में तो सोचती । पिता से दूर रहकर बच्चों को अच्छे सा पाल सकेगी ?  समाज क्या कहेगा ? पति से अलग रह रही स्त्री पर लोग किस नज़र से देखते हैं मालूम है ? ” 

लेकिन उसने किसी भावावेश में महीने-दो महीने, या साल दो साल में तो घर छोड़ने का फैसला नहीं किया था । ग्यारह साल तिल तिलकर गलने और हर उम्मीद के मिट जाने के बाद खुद को उस फैसले के लिये तैयार किया था । लौटने का तो प्रश्न ही नहीं था । वह दृढ़ता से बोली ---“ माँ मैंने ऐसे ही मौज-मजे में नहीं छोड़ा है अपना घर..। तुम पर बोझ नहीं बनूँगी । बस रहने को थोड़ी जगह देदो ..।”   उसके बाद चौदह पन्द्रह साल किस तरह उसने इक्का गाड़ी को ऊबड़-खाबड़ रास्ते में खींचा है वही जानती है । नौकरी के लिये ठोकरें खाते , ट्यूशन पढ़ाते , दफ्तरों में काम करते ,लोगों की खासतौरपर महिलाओं की भर्त्सनाएं सुनते और पुरुषों की लोलुप नज़रों का सामना करते हुए एक लम्बा रास्ता तय किया है । इतने वर्षों में जाने कितना पानी बह गया नदियों में । बच्चे बड़े होगए ,काबिल बन गए हैं । उसने खुद लेखन के क्षेत्र में एक मुकाम हासिल कर लिया है । अब जब उसने चैन की साँस ली है ,अपने होने की सार्थकता का अनुभव कर रही है ,वह क्यों फिर से एक नया संघर्ष शुरु करना चाहता है क्यों उसके मन में अब भी केवल अपनी इच्छाएं और अधिकार है ?  यह तो एक लम्बी मुश्किल राह तय करने के बाद फिर वहीं लौटने जैसा होगा । एक दुरूह अध्याय को फिर से रटने समझने जैसा ।”

“नहीं राजीव वर्मा अब मुड़कर तुम्हारी तरफ नहीं देखना है मुझे । घर से बेघर होकर ,जीवन के सुनहरे दिन खाक छानते हुए बीते हैं सिर्फ तुम्हारे कारण । पत्थरों में घिस कर सपाट हो चुका है मन । आज जो कुछ अर्जित किया है वह सिर्फ मेरी अपनी मेहनत है । तुमने जो किया है वह तुम्हारे सामने है । मेरे पास अब कुछ नहीं है तुम्हारे लिये । ”

यह कहकर जया ने गहरी साँस लेकर आँखें बन्द करलीं और मुक्ति का अनुभव किया ।

“माँ ,क्या सोच रही हैं ?”—ऋचा ने पूछा । “

आपने अभी तक खाना भी नहीं खाया । इला ने बताया कि कोई पत्र है । क्या उसे लेकर कोई चिन्ता है माँ !”

“नही कुछ नहीं । चलो खाना परोस लो और इला को भी बुला लो ।“  बेटियों के साथ खाना खाते हुए जया सहज थी । बच्चों के सामने वह कभी कमजोर नहीं पड़ी । जानती है कि माँ या पिता के कमजोर पड़ने से बच्चों में आत्मविश्वास की कमी रह जाती है ।

दोनों बेटियाँ सो गईँ थीं । जया सोने के प्रयास में आँखें बन्द किये थी की पर आँखें बन्द कर लेने से बात कहाँ खत्म होती है । राजीव का पत्र न चाहते हुए भी फिर से उसके सामने था । इतना ही नहीं रात के गहराते सन्नाटे के बीच उसके अपने ही अन्दर एक सवाल उभरा --क्या तुम सचमुच मुक्त होगई हो राजीव से ?”

“ हाँ बिल्कुल ,मैं तो मुक्त ही हूँ ।” जया ने दृढ़ता से कहा ।

“उसने मुझे कभी वह स्नेह और सम्बल नहीं दिया जो परस्पर लगाव का आधार होता है ।”

“ठीक है पर अनचाहे ही सही पत्र अब भी तुम्हारे दिमाग में छाया है । सुनो जया ,कभी कभी हम अपनी सोच, समझ ,रुचि ,अनुभूति और धारणा को ही श्रेष्ठ और सत्य मानकर अपनों से अलग एक दीवार बना लेते हैं । तुम जैसी सुन्दर समझदार धैर्यवान् सहनशील पत्नी के लिये पति का इतना कठोर क्रूर होना समझ नहीं आता । पर वह जैसा तुम कहती हो ,हमेशा ही इतना क्रूर बना रहा । क्यों ,कभी सोचा है ? सोचो ।”

अरे क्रूरता , पाशविकता किसी कारण से नहीं जन्मजात होती है । मैंने तो उसका भी प्रतिकार नहीं किया ..

“ बेशक नहीं किया । तमाम यातनाएं सहकर भी तुमने निस्सन्देह पति की इच्छाएं पूरी कीं हैं पर सोचने वाली बात यह है कि वह भाव एक स्नेहमयी पत्नी का था या बन्धनों में जकड़ी निरुपाय बेवश स्त्री का ? किसी को सहर्ष कोई वस्तु दे देने में और दुखी विवश मन से देने में क्या अन्तर नहीं होता ? ”

“यह क्या बात हुई ! अत्याचार और क्रूरता के लिये कोई कहाँ से स्नेह लाए ? किस स्रोत से ?  मुझे प्रेम सम्मान न देते , बच्चों को पिता का स्नेह और संरक्षण तो देते । बच्चों को दुनिया में लाकर विषमताओं के बीच अकेले स्नेहविहीन छोड़ देने से बड़ा अपराध और क्या होगा । बेटे को अजन्मा ही मार देने की कोशिश ,इला के बीमार होने पर कह देना कि –‘मरने दो । एक लड़की है तो सही ’ ,क्या एक पिता , एक अच्छा इन्सान ऐसा सोचेगा ? वह वैभव नहीं केवल प्रेम चाहती थी । प्रेयसी पत्नी बनकर रहने की चाह थी । लेकिन राजीव के लिये वह सब बेमतलब था । प्रेम सौन्दर्य सब अर्थहीन । प्रेम खत्म होता है तो जिन्दगी बोझ लादकर पहाड़ पर चढ़ने जैसी लगती है । दलदल में चलने जैसी । राजीव ने प्रेम की कद्र कभी नहीं की । उसे केवल अपनी हठ और इच्छाएं पूरी करने की सनक रही । ऐसे में कहाँ प्रेम,  कैसा विश्वास ?  स्त्री पति से प्रेम व संरक्षण चाहती है अगर वही नहीं है तो वह पति या पुरुष के अत्याचार क्यों सहे । पति से अलग रहते हुए स्त्री को अपने अस्तित्त्व की रक्षा के लिये कितना संघर्ष करना पड़ता है । किन किन सवालों का सामना करना पड़ता है , कैसे और किससे कहे । जीवन जैसे बिना छत का घर होता है .आँधी वर्षा ओले । हर तरह के संकट से जूझना पड़ता है । क्या ऐसे संकटों में कोई भी स्त्री आसानी से रह सकती है ?

 “ठीक है लेकिन क्या इस तरह तुमने उसके व्यवहार को स्वीकृति नहीं दी ? अन्याय को चुपचाप सहना भी तो गलत है ,और तुम ग्यारह वर्ष तक सहती रही । कोई तो उम्मीद रही होगी । उम्मीद कभी निराधार तो नहीं होती । जब तुम बच्चों को लेकर उसका घर छोड़कर चली आई तो उसने तुम्हें ले जाने के लिये ही कितने चक्कर लगाए थे ? मिन्नतें की थी ? उसने तुम्हारा कोई विकल्प भी नहीं चुना । तुम्हारी जगह उसके घर में खाली ही है आजतक । क्या यह उसके प्रेम का ही रूप नहीं रहा ? बच्चों के पालन-पोषण और शिक्षा के लिये आवश्यक आर्थिक सहायता भी उस से मिल ही गई थी चाहे न्यायिक दबाब से मिली । कहीं न कहीं वह तुमसे प्रेम तो करता था । सबका तरीका अलग होता है । तुम खुद निदा साहब के शेर, ‘हर आदमी में होते हैं दस बीस आदमी...’ का उदाहरण जब तब देती नहीं रहती हो ?”

“अरे ,हद है ! प्रेम क्या यातनाओं के रूप में होता है ? -जया झुँझला उठी । कौन है जो उसके ही विरुद्ध ऐसा मन्थन ?  कौन है , जो उस पर हुए अत्याचारों के उत्तर उसी से माँग रहा है ?  वह सब उसका प्रेम नहीं ,भावनात्मक शोषण था और मेरी मानसिक दुर्बलता और अदूरदर्शिता । मैंने दुराशाओं में ग्यारह साल व्यर्थ किये । हम अक्सर अपना अस्तित्व भूलकर अपने प्रति हुए अन्याय का विश्लेषण दूसरे के पाले में जाकर सोचते हैं । यही बात तो हमें कमजोर बनाती है । लेकिन मुझे अब कुछ नहीं सोचना । बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिये जो प्रयास किये उनका परिणाम आशाजनक रहा । किंशुक एन डी ए प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने और प्रशिक्षण पूरा करने के बाद थल-सेना में शानदार पद पर नियुक्त होगया । ऋचा की नियुक्ति शासकीय विद्यालय में होगई और इला नर्सिंग कॉलेज ट्रेनिंग पर है । अब उनकी जिन्दगी ने सँकरी पथरीली पगडण्डियों से निकल कर राजमार्ग पा लिया था । मैं अपने बच्चों के साथ खुश हूँ ।“ यह कहकर जया ने खुद को समझाया और आँखें बन्द करलीं ।

पर आँखें बन्द कर देने से विचारों का प्रवाह कहाँ रुकता है ? नींद कहाँ आती है ? हैरान थी जया । यह कौनसी भावना है कि वह अन्तर में अपनी विजय का अनुभव नहीं कर पा रही है । पत्र में लिखा ‘असहाय’ शब्द उस अनुभूति में बाधक बन रहा है । क्यों पत्र का अन्तिम वाक्य –“परेशान हूँ ..एक बार आकर देखलो तो तसल्ली से मर सकूँगा ।”, चेतना में सर्द सी लहर बनकर उमड़-घुमड़ रहा है ।    
इस पुकार के पीछे क्या केवल उसकी असहायता है या प्रयश्चित करने का भाव भी शामिल है । आखिर अब सोचने के लिये क्या शेष है ? क्यों है ? वह भावनात्मक रूप से परास्त नहीं होना चाहती ..नहीं हो सकती । लेकिन अशान्ति अनुभव किसलिये हो रहा है ? उससे वितृष्णा व घृणा होनी चाहिये , क्यों नहीं होती ? सहानुभूति नहीं है लेकिन घृणा और प्रतिकार भी नही है । क्यों
उसने विवाह नहीं किया । विवाह कर लेता तो अच्छा होता पर अहंकारी ने जीवन अकेले ही बिता दिया । भाई बन्धुओं ने उसका सब कुछ छीन लिया । आज हालत दयनीय है । याचना कर रहा है। एक मानव पुकार रहा है ,उसका इस अवस्था में उसे पुकारना ही क्या उसके सारे सवालों का उत्तर है ? ...क्या करे जया ?  
एक तरफ जब उसके ध्यान में अहंकारी , यातना देने वाला और बच्चों का बचपन छीनकर निराशा और भय भर देना वाला राजीव था जिससे उसे आज भी गहरी वितृष्णा है । उसके लिये हृदय में पत्नी जैसा भाव वर्षों पहले दफ़न हो चुका है, वह उसे बेशक कभी क्षमा नहीं कर सकेगी, न ही उसे उसका वह स्थान दे सकेगी । लेकिन दूसरी तरफ उसका ध्यान  असहाय अवस्था में याचना कर रहे एक व्यक्ति पर , एक मनुष्य पर टिक जाता था । उससे अब कैसा प्रतिकार ,कैसी जीत ! कैसा मलाल ! और कैसा प्रतिशोध !  जीवन की अन्तिम घड़ियाँ गिन रहे एक व्यक्ति को दुर्दशा में पड़ा जानकर क्या वह अनदेखा कर सकेगी ? उसकी अन्तिम घड़ियों को कुछ आसान बना देना तो मानवता का तकाजा भी है न !

जया अपनी नज़रें समेटकर पलकें बन्द कर लेना चाहती है पर कैसे बन्द करे । लगा कि उसकी पलकें छोटी होगई हैं , इतनी छोटी कि आँखों की पुतलियों का आवरण बनने में असमर्थ हैं ।जैसे कि आँखों में ,हृदय में पूरा आसमान आकर समा गया है । आसमान जिसमें बादल का एक टुकड़ा भी नहीं है । उसे मुक्ति का अहसास बर्फ से प्यास बुझाने जैसा लगा । जीवन ईश्वर द्वारा रचा गया एक प्रहसन ही तो है, जिसमे सबकी अपनी भूमिका होती हैं । सबके कई भाव ,रूप और रंग होते है। प्रेम, मोह ,लालसा ,हताशा ,घृणा , द्वेष ,प्रतिशोध असन्तोष के रंग । सारे रंगों को मृत्यु की काली चादर अदृश्य कर देती है । एक जीवन ,जो खत्म हो जाएगा पर एक पूर्ण अन्त के बिना कहानी कभी खत्म नहीं होगी...शायद अभी कुछ बाकी रह गया है ,सोचने व करने को । मृत्यु के साथ सारे सवालों का पटाक्षेप होजाता है लेकिन एक पूर्ण अन्त के बिना कहानी कभी खत्म नहीं होती वह जन्मजन्मान्तर चलती है । अब उसके ध्यान में राजीव नहीं ,मृत्यु के कगार पर खड़ा एक अकेला असहाय मानव था । जया को महसूस हुआ कि डायरी अभी अधूरी है । उसका आखिरी पन्ना लिखना अभी शेष है ।

रातभर अन्तर-द्वन्द्व चलता रहा।
माँ को उलझन में पड़ी देख इला सोचने लगी कि यह माँ का कौनसा मन है कि जीवनभर जिसके कारण पग ठोकरें खाईं , अपमान व उपेक्षाएं सही । ‘पति को छोड़कर बैठी है’  जैसे उलाहने सुने । वह सब सहने के बाद माँ ने खुद ही कई बार कहा है कि वे अब उसका मुँह तक ना देखेंगी , फिर भी ?...
वह सुन रही थी ,रात में माँ भैया से कह रही थी –--" बेटा, जो व्यक्ति जीवन की अन्तिम घड़ियाँ गिन रहा है उससे क्या शिकवा ! कैसी शिकायत ! करनी का सबसे बड़ा फल इससे अधिक क्या होगा कि आज वह इस दशा में है । सारे सहारे टूट चुके हैं..।”
सुबह सुबह जब इला ने माँ को सूटकेस में कपड़े जमाते देखा तो सारे सवालों का जबाब मिल गया था । 

 --------------------------------------------------------------

 

 

 

 

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें